यूपी के विद्यालयों की समय सारणी में बदलाव : 1 अक्टूबर से नया समय लागू

✍🏻 योगेश राणा


:- परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के समय में परिवर्तन, बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनने के निर्देश

लखनऊ/नोएडा :- परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में 1 अक्टूबर से पठन-पाठन की समय सारणी में बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, परिषदीय विद्यालय अब सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। इससे पहले यह समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। इसके अलावा, मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए, बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

माध्यमिक विद्यालयों का समय भी बदला

माध्यमिक विद्यालय अब 1 अक्टूबर से सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगे। पहले यह समय सुबह 7:30 से 1:30 बजे तक था। दिन की शुरुआत 15 मिनट की प्रार्थना सभा से होगी, जिसके बाद 40-40 मिनट के चार पीरियड और 25 मिनट के लंच के बाद फिर चार पीरियड होंगे।