रेखा द डीवा संस्कृति कार्यक्रम और सम्मान समारोह : अभिनेत्री रेखा के जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों और महिलाओं का सम्मान

मुख्य आकर्षण : दिव्यांग बच्चों का रैंप वॉक, मोटिवेशनल सेशन और विशेष सम्मान

नई दिल्ली :- दिल्ली की प्रतिष्ठित संस्था रेखा द डीवा ने 10 अक्टूबर को अभिनेत्री रेखा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। यह संस्था, जो 2006 में स्थापित हुई थी, हर साल एक अनोखे अंदाज में यह कार्यक्रम प्रस्तुत करती है। इस बार दिल्ली के लाजपत भवन ऑडिटोरियम में ओम साई के दिव्यांग बच्चों ने रैंप वॉक किया, जिसमें मोटिवेशनल सेशन और स्टोरीटेलिंग के जरिए उनका मनोबल बढ़ाया गया। इसके साथ ही, उन्हें शिक्षा सामग्री और ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया।

महिलाओं और मीडिया जगत की हस्तियों का विशेष सम्मान

समारोह में नारी विकास के लिए काम कर रही महिलाओं को वूमेन पावर पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि मीडिया जगत के विशिष्ट अतिथियों को गेस्ट ऑफ ऑनर सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित अतिथियों में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता दीपक दुआ, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ अभिमन्यु पांडे और इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के नेशनल प्रेसिडेंट नरेश कुमार शामिल थे।

समारोह की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसे पद्मश्री नलिनी अस्थाना और कमलिनी अस्थाना ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत आरंभ किया। नृत्यांजलि ग्रुप द्वारा दुर्गा पूजा, ओडिसी नृत्य और डांडिया जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा, मशहूर यूट्यूबर कंचन पटवा, जिया ठुकराल, कोमल, गर्विता, और प्रिंस ने अभिनेत्री रेखा के हिट गानों पर प्रस्तुति देकर शाम को और भी खास बना दिया।

संस्था के सफल 18 साल और भविष्य की योजनाएँ

कार्यक्रम का संचालन मीनू शर्मा, ऋतू और आरव शर्मा ने किया, जबकि संस्था के संस्थापक ऋषभ शर्मा और प्रमुख सचिव अमित शर्मा ने पिछले 18 वर्षों की सफल यात्रा को साझा किया। कार्यक्रम का समापन भविष्य में समाज सेवा और कला को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।