:- 8 हज़ार किमी और 8 राज्यों सहित नेपाल भी जाएंगे दर्शनार्थी
नई दिल्ली :- भारतीय रेलवे के पर्यटन सेवा कम्पनी आईआरसीटीसी (IRCTC) की ओर से रामायण सर्किट के दर्शन कराने वाली श्री रामायण यात्रा की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर की गई। इस यात्रा के दौरान पहली बार भारत से ट्रेन नेपाल तक जाएगी। यात्रियों को कुल 18 दिन का समय बिताना होगा जिसमें आठ राज्यों के अलावा नेपाल में भी श्रीराम जुड़े धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। आपको बता दें कि यह आयोजन केंद्र सरकार की योजना देखो अपना देश के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। विभाग के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यह भारतीय रेल के इतिहास में पहली बार है जब भारत से कोई ट्रेन नेपाल तक जाएगी। इसके जरिये दो धार्मिक स्थलों अयोध्या और जनकपुरी को जोड़ा जाएगा। जिससे पर्यटक भगवान श्री राम से जुड़े समस्त स्थलों को देख व जान सकेंगे।
इतना आएगा खर्च
जानकारी के मुताबिक यह पूरी यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। ट्रेन में यात्री थर्ड एसी की बर्थ पर सफर करेंगे जिसका एक यात्री पर कुल खर्च 71,820 रुपये आएगा। दो लोगों का एकसाथ टिकट लेने पर खर्च 62,370 रुपये हो जाएगा जबकि 5-11 साल के बच्चों का टिकट 56,700 रुपये है।
रहना खाना सब होगा फ्री
इस योजना में यात्रियों को सफर के साथ रात बिताने के लिए स्टैंडर्ड होटल में एसी रूम दिया जाएगा। ट्रेन के भीतर और बाहर सभी यात्रियों को भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का दावा है कि यह व्यवस्था अच्छे रेस्तरां या होटल में की जाएगी। साथ ही सभी जगहों पर घुमाने के लिए बस का प्रबंध किया जाएगा और सफर के दोरान सभी यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
ये होगा रुट
यात्रा के दौरान ट्रेन यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से गुजरेगी व राम जुड़े तीर्थ स्थलों के दर्शन कराएगी। ट्रेन में करीब 600 यात्री सफर कर सकते हैं और टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट से की जा सकती है। सफर के दौरान यात्रियों को अयोध्या, जनकपुरी, सीतामढ़ी, बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रींगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, रामेश्वरम, कांचीपुरम और भद्राचलम (दक्षिण का आयोध्या) के दर्शन कराए जाएंगे।