कॉन्स्टेबल ने थाने में खुद को मारी गोली


नोएडा।

नोएडा में कॉन्स्टेबल ने थाने के अंदर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। सिपाही ने सरकारी पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारी। गोली की आवाज सुनते ही साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। तत्काल सिपाही को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद सिपाही को मृत घोषित कर दिया। पूरा मामला रबूपुरा थाने का है। रात करीब 11.30 बजे सिपाही अंकुर राठी (30) ने सुसाइड किया है। मौके से सरकारी पिस्टल को एविडेंस के लिए कलेक्ट कर लिया गया है। पुलिस ने अंकुर राठी के घर वालों को सूचना दे दी है। अंकुर राठी ने उस समय खुद को गोली मारी, जब साथी जवान नाइट पेट्रोलिंग के लिए निकलने वाले थे।

जवान थाने से बाहर आए थे कि तभी उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद सभी सरकारी क्वार्टर की तरफ दौड़ पड़े। यहां अंकुर राठी तड़प रहा था। उसके सिर से खून बह रहा था। पास में सरकारी पिस्टल पड़ी हुई थी। इसके बाद साथी जवान बिना किसी देरी के अंकुर को अस्पताल ले गए। वहीं अधिकारियों को पूरी घटना की सूचना दी गई। जांच-पड़ताल में अंकुर के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिपाही अंकुर काफी दिनों से डिप्रेशन में था। साथी जवानों की माने तो अंकुर स्टाफ से दूर रहता था। उससे कई बार पूछा भी गया कि क्या हुआ है, तो जवाब मिलता कि घर-परिवार की टेंशन है। अंकुर के करीबी सिपाहियों की मानें तो वह पर्सनल लाइफ से परेशान था। परिवार में विवाद चल रहा था। इसी क्लेश से तंग आकर उसने सुसाइड किया है। अंकुर 2016 बैच का कॉन्स्टेबल था।

वह मुजफ्फनगर का रहने वाला था। रबूपुरा थाने के एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि अंकुर राठी ईमानदार पुलिसकर्मी थे। वे पिछले 5 साल से पुलिस सेवा में तैनात थे। साथ ही अंकुर अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। लेकिन बीते कुछ महीनों से उनके पारिवारिक जीवन में उथल-पुथल चल रही थी। अशोक कुमार ने कहा- इसकी वजह से वे मानसिक रूप से बहुत परेशान थे। थाने में ड्यूटी के दौरान भी कई बार उनकी ये परेशानी साफ दिखाई देती थी। पुलिस ने कॉन्स्टेबल अंकुर राठी की मौत की खबर उनके परिवार को दे दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। जिससे सुसाइड करने के कारणों का पता चल सके। कांस्टेबल अंकुर राठी के निधन से उनके परिवार और सहकर्मियों को गहरी चोट पहुंची है। पुलिस प्रशासन ने उनके परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।