दिल्ली में कीचड़ से निकली शव यात्रा, स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल को लिया आड़े हाथ

नई दिल्ली।

दिल्ली में सड़कों की बदहाली पर अब आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पार्टी संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विडियो शेयर किया। इसमें एक शव यात्रा कीचड़ में से होते हुए गुजरती दिखाई दे रही है। कंधे पर शव लिए आदमी नंगे पैर जा रहे हैं। स्वाति ने लिखा, ‘एक शव की अंतिम यात्रा ऐसी बदबूदार नाले के पानी से भरी टूटी-फूटी सड़कों से होकर गुजर रही है. इससे दुखद क्या हो सकता है? किराड़ी के एक निवासी ने ये वीडियो भेजी है। यहां के नागरिक नर्क की ज़िंदगी जीने को मजबूर हैं।

उन्होंने सड़कों की मरम्मत को लेकर दिल्ली सरकार पर तंज कसते हुए लिखा है कि ‘मीडिया में बोलते हैं युद्धस्तर पर सारी सड़कें ठीक हो गई, हकीकत क्या है ये जमीन पर उतरकर देखो। ‘बता दें कि महीनेभर पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आतिशी से दिल्ली की खराब सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत करने की मांग की थी। उन्होंने इस सिलसिले में सीएम आतिशी को एक पत्र भी लिखा था।