नोएडा के ईएसआई अस्पताल में इलाज न मिलने पर परिजनों का हंगामा


नोएडा।

नोएडा शहर के एक अस्पताल से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जहां नोएडा के ईएसआई अस्पताल में महिला मरीज को इलाज नहीं मिलने पर उसकी ज्यादा बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। यह बवाल रात को करीब एक घंटे तक चला। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शांत करा दिया। इसके बाद मरीज को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया। बताया जा रहा है तब तक मरीज की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखना पड़ा। महिला मरीज मौसम के पति रमेश ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने उनकी पत्नी का सही से इलाज करना जरूरी नहीं समझा। जांच तक नहीं हो पाई। बाहर से जांच कराने के लिए कहने पर मना कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिजनों का कहना है कि 25 साल की महिला मरीज मौसम को डेंगू हुआ था। तबियत बिगड़ने पर उन्हें ईएसआई अस्पताल लेकर आए। शनिवार सुबह ही परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से रेफर कराने की मांग कर रहे थे। अस्पताल में ही इलाज की सुविधा होने का दावा कर मरीज को रेफर नहीं किया गया। इधर खून की उल्टी शुरू हो गई। शाम को तबियत ज्यादा बिगड़ने पर हंगामा करने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया था। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए इमरजेंसी में पहुंचकर मरीज की जानकारी ली। इसके बाद मरीज को आनन-फानन में निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं निदेशक डॉ. संगीता माथुर, प्रवक्ता डॉ. सोना बेदी से इस मामले में जानकारी के लिए संपर्क किया गया, लेकिन कोई जबाव नहीं मिला।